(तौकीर आलम पत्रकार)झबरेड़ा। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी बहन और उसके प्रेमी पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और आसपास के लोग दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। एक साथ दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झबरेड़ी कलां निवासी अमन पुत्र रामकुमार कश्यप पर आरोप है कि उसने अपनी बहन रूपा और सूरज पुत्र अशोक कश्यप को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वारदात से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और वारदात के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारण और वारदात की पूरी परिस्थितियां पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →