(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के आगामी 758वें सालाना उर्स/मेले-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उर्स मेले को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं निर्विवाद तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से पिरान कलियर पुलिस लगातार स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर रही है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर कमल मोहन भंडारी ने कलियर नगर पंचायत क्षेत्र के सभासदों, संभ्रांत नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य स्थानीय लोगों के साथ विचार गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में उर्स के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि उर्स मेले को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखने की अपील की।

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों से उर्स मेले से संबंधित जरूरी सुझाव भी लिए गए, ताकि मेले के दौरान जायरीनों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में सहयोग मिल सके।
गोष्ठी में मौजूद सभासदों, संभ्रांत नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने पुलिस-जन सहयोग की भावना को मजबूत करते हुए उर्स-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट समेत अन्य बीट पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →