(तौकीर आलम पत्रकार)कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की तैयारियों के बीच बरेली शरीफ से पैदल साबरी झंडा लेकर निकला करीब 120 अकीदतमंदों का जत्था आठ दिन का सफर तय कर गुरुवार को पिरान कलियर पहुंचा। साबरी झंडे के साथ कलियर पहुंचे अकीदतमंदों का दरगाह से जुड़े लोगों और स्थानीय अकीदतमंदों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। जत्थे के पहुंचने के साथ ही कलियर में सालाना उर्स का माहौल दिखाई देने लगा है।
सूफी वसीम साबरी और कमाल साबरी की सरपरस्ती में जत्था बरेली शरीफ की नो मेला मस्जिद स्थित दरगाह नासिर मियां से साबरी झंडा लेकर रवाना हुआ था। अकीदतमंदों ने पैदल सफर के दौरान बरेली शरीफ से रामपुर, रामपुर से मुरादाबाद, मुरादाबाद से हरिद्वार-ज्वालापुर और ज्वालापुर से रहमतपुर तक का सफर तय किया। इसके बाद नौगांजे पीर की जियारत कर जत्था जुलूस की शक्ल में पिरान कलियर पहुंचा।

कलियर पहुंचने के बाद जत्थे ने दरगाह साबिर पाक में साबरी झंडा पेश किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने साबरी झंडे का इस्तकबाल किया और जत्थे का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

आज शाम चार बजे होगी झंडा कुशाई

साबरी झंडे को आज शाम चार बजे दरगाह साबिर पाक के बुलंद दरवाजे पर पेश किया जाएगा। दरगाह के सज्जादानशीन की ओर से झंडा कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। इसी के साथ दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स की पहली प्रमुख रस्म का आगाज होगा।
बरेली शरीफ से साबरी झंडा लेकर पैदल कलियर पहुंचने की यह पुरानी रवायत है। पिछले वर्षों में भी अकीदतमंद पैदल जत्थे के रूप में झंडा लेकर कलियर पहुंचते रहे हैं। झंडा कुशाई की रस्म के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है।
साबरी झंडे के कलियर पहुंचने के बाद दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्र में उर्स की रौनक बढ़ गई है। जायरीनों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है और दरगाह क्षेत्र में उर्स को लेकर तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।
इस मौके पर शाह यावर अली साबरी, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, शफीक साबरी, मनव्वर साबरी, सूफी रशीद, गुलशाद सिद्दीकी, मस्कूर साबरी, तसलीम साबरी, गुलाम साबिर, आरिफ अली, गुफरान साबरी, शाह गाजी, असलम साबरी, सलीम साबरी, सज्जाद वसीम साबरी बरेली और कमाल साबरी बरेली सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →