(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड नंबर 5 में पेट्रोल पंप के पीछे स्थित बस्ती के लोगों को करीब दस वर्षों से चली आ रही बिजली की समस्या से राहत मिली है। लंबे समय से बिजली व्यवस्था से वंचित बस्ती में ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद अब घरों में रोशनी पहुंचने से लोगों में खुशी की लहर है।

बताया गया कि बस्ती में पिछले करीब 10 वर्षों से बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की समस्या को देखते हुए सूराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद जोशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास किए। वहीं सूराज सेवा दल विधानसभा अध्यक्ष पिरान कलियर रईश अहमद ने भी समस्या के समाधान के लिए सहयोग किया। प्रयासों के बाद बस्ती में ट्रांसफार्मर लगाए जाने से बिजली व्यवस्था बहाल हो सकी।

बिजली पहुंचने के बाद बस्तीवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की जिंदगी में काफी सुविधा होगी। लोगों ने समस्या के समाधान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

वार्ड नंबर 5 के सभासद प्रतिनिधि रशीद रईस ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से लंबे समय तक वंचित रहना लोगों के लिए परेशानी का कारण था। अब ट्रांसफार्मर लगने से बस्ती के लोगों को राहत मिली है और आगे भी वार्ड की अन्य समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रखकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं सूराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद जोशी ने कहा कि जनता की समस्याओं के लिए आवाज उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना ही संगठन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बस्ती में वर्षों से चली आ रही बिजली की समस्या का समाधान होना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि जनता को सड़क, बिजली, पानी, सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है और जनहित से जुड़े मामलों में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
स्थानीय लोगों ने कहा कि कई वर्षों से बिजली की समस्या के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब बिजली व्यवस्था शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। वार्डवासियों ने सभासद प्रतिनिधि रशीद रईस, रमेश चंद जोशी, रईश अहमद समेत सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर सभासद राशिद, रईश, इंतजार प्रधान पीरपुरा वाले, अरशद, मुसर्रत, मुदस्सर राव, वसीम, मोबीन, साहिब, तनवीर, मनव्वर, नदीम, सनव्वर और गुलजार सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →