हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: राजस्थान से आ रही यात्री बस सप्तऋषि चौकी के पास दुर्घटनाग्रस्त, 25 घायल, एक महिला की मौत।

हरिद्वार, (तौकीर आलम पत्रकार)। जिला आपदा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को राजस्थान से हरिद्वार आ रही एक यात्री बस सप्तऋषि चौकी के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला यात्री की उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग तथा एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दलों ने घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से मेला चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला यात्री को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

हादसे के बाद सप्तऋषि क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और बाद में मार्ग को सुचारू रूप से चालू करा दिया।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर हादसे के पीछे तकनीकी खराबी अथवा अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जिला प्रशासन ने घायलों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →