(तौकीर आलम पत्रकार)रुड़की। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 31 रुड़की के सभी बीएलओ सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन गणना प्रपत्र (EF Forms) के वितरण, संकलन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुड़की श्री दीपक रामचन्द्र शेट (आईएएस) ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। मतदाताओं के सहयोग से ही सही और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का सही उपयोग कर सके।
इस अवसर पर मतदाताओं से अपील करते हुए कहा गया कि जब उनके क्षेत्र के बीएलओ गणना प्रपत्र (EF Form) लेकर घर-घर पहुंचें, तो उन्हें आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराकर पूर्ण सहयोग प्रदान करें। सही एवं पूर्ण रूप से भरा गया गणना प्रपत्र मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निर्वाचन विभाग ने सभी नागरिकों से समय पर प्रपत्र भरने एवं जमा करने की अपील करते हुए कहा कि उनका छोटा सा सहयोग लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →