(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर/हरिद्वार। जिलेभर में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को पिरान कलियर क्षेत्र में प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी और अवैध कब्जों को हटाते हुए लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई।

यह कार्रवाई नायब तहसीलदार यूसुफ अली के नेतृत्व में सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान के तहत पीपल चौक स्थित यात्री शेड, रैन बसेरे के आसपास तथा अन्य चिन्हित स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

नायब तहसीलदार यूसुफ अली ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनहित में ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने क्षेत्रवासियों और व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हटाई गई जगहों पर दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी लोगों से सरकारी भूमि पर कब्जा न करने और कानून का पालन करने की अपील भी की।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही, जबकि स्थानीय लोगों ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल का स्वागत करते हुए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →