REGULAR INDIA NEWS हिन्दी
BREAKING NEWS

पिरान कलियर दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश।

📅 22 Jul 2026, 08:17 AM🔥 57 views

📋 खबर का सार (Summary)
विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में 13/14 अगस्त से शुरू होगा 758वां सालाना उर्स, सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर।

(तौकीर आलम पत्रकार)हरिद्वार/पिरान कलियर, 22 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हज़रत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक (रह.), पिरान कलियर में आयोजित होने वाले 758वें सालाना उर्स-ए-पाक की तैयारियां तेज हो गई हैं। देश-विदेश से लाखों जायरीनों की आमद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त 2026 से 3/4 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। चांद दिखाई देने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारंभ होगा, जबकि मुख्य धार्मिक आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक संपन्न होंगे। इन दिनों दरगाह साबिर पाक में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में जायरीन जियारत के लिए पहुंचते हैं।

अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने निर्देश दिए कि उर्स शुरू होने से पहले पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाए जाएं, प्रमुख मार्गों को दुरुस्त किया जाए तथा जायरीनों के सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दरगाह क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में अपने कार्य पूरे करें।

बैठक में दरगाह क्षेत्र में जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी कार्यालय एवं पुलिस चौकियां, अस्थायी दुकानें, विद्युत व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शेष कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग ने उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस एवं मोटर बोट की तैनाती की जानकारी दी। वहीं रेलवे एवं परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों एवं पार्किंग व्यवस्था, नगर पंचायत पिरान कलियर ने सफाई अभियान और पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अग्निशमन विभाग ने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जानकारी दी।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उर्स प्रारंभ होने से पहले दरगाह क्षेत्र की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करे, ताकि लाखों जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स पूरे देश में आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था समय से पूरी करें, जिससे उर्स का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें:
WhatsApp
तौकीर आलम
तौकीर आलम
संपादक

डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पूरा प्रोफाइल देखें →