(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में प्रतिदिन देश-प्रदेश से हजारों जायरीन जियारत के लिए पहुंचते हैं, लेकिन हज हाउस रोड पर चोक पड़े नाले ने दरगाह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे राहगीरों, स्थानीय लोगों और जायरीन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद दरगाह प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजतन सड़कें गंदे पानी से लबालब हैं और लोगों को उसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।

हज हाउस रोड दरगाह क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों जायरीन गुजरते हैं। सड़क पर फैले गंदे पानी से श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की छवि भी प्रभावित हो रही है। बाहर से आने वाले जायरीन इस अव्यवस्था को देखकर दरगाह प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दरगाह प्रशासन विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे तो करता है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि समय रहते नालों की सफाई कराई जाती, तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा आम जनता और जायरीन भुगत रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि हज हाउस रोड के चोक नाले की तत्काल सफाई कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि जायरीन और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दरगाह प्रशासन कब तक कुंभकरणी नींद में सोया रहेगा? क्या जायरीन और स्थानीय लोगों को इसी तरह गंदे पानी में होकर गुजरने के लिए मजबूर किया जाता रहेगा, या फिर जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस गंभीर समस्या का समाधान करेंगे?
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →