(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड नंबर-1 में लंबे समय से जर्जर विद्युत लाइन के कारण हो रही परेशानी का आखिरकार समाधान हो गया। वार्ड की विद्युत व्यवस्था में लगातार आ रही समस्याओं को देखते हुए सभासद अमजद अली ने 27 जून 2026 को अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड रुड़की को पत्र लिखकर जर्जर विद्युत लाइन बदलने की मांग उठाई थी। उनके लगातार प्रयासों के बाद अब विद्युत विभाग ने लाइन बदलने का कार्य पूरा कर दिया है।
वार्ड नंबर-1 के इमाम साहब रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों पुरानी और जर्जर विद्युत लाइन के कारण आए दिन फॉल्ट, ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी। कई स्थानों पर विद्युत पोल और लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए सभासद अमजद अली ने विद्युत विभाग को भेजे अपने पत्र में जर्जर विद्युत लाइन को शीघ्र बदलने, क्षतिग्रस्त पोलों को सुरक्षित कराने, ट्रांसफार्मर की तकनीकी जांच कराने तथा क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा और कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए।

इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और विद्युत विभाग ने वार्ड नंबर-1 में लंबे समय से रुकी हुई जर्जर विद्युत लाइन को बदलने का कार्य पूरा कर दिया। नई लाइन बिछने से अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु होने की उम्मीद है तथा बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या से भी लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सभासद अमजद अली ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर उठाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्युत विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

वहीं स्थानीय लोगों ने भी जर्जर विद्युत लाइन बदले जाने पर खुशी जताते हुए सभासद अमजद अली और विद्युत विभाग का धन्यवाद किया। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान से अब क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →