(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर, 26 सितंबर। एम.जी.एफ.एम. इंटर कॉलेज, पिरान कलियर में “सेवा संकल्प अभियान-2026” के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए समाज और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत पिरान कलियर के चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद ने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत स्तर पर स्वच्छता, शिक्षा, विकास कार्यों और आमजन से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।

सलीम अहमद ने कहा कि “सेवा केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करें।”

कार्यक्रम में वार्ड नंबर-1 के सभासद अमजद अली ने भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की समस्याओं को सुनना, उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाना तथा जनहित के कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभाना ही सेवा का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वार्ड एवं क्षेत्र से जुड़े विकास, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जनहित के विषयों पर लगातार सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी पिरान कलियर अरुण कुमार, चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, सभासद अमजद अली, सभासद गुलफाम साबरी, कॉलेज प्रबंधक अनीस अहमद, प्रधानाचार्य मौ. यूनुस सहित शिक्षकगण, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →