(तौकीर आलम पत्रकार)लक्सर तहसील में पत्रकारों से कथित अभद्रता का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पत्रकारों के समर्थन में जिलेभर के प्रेस क्लब, किसान संगठन, भीम आर्मी और व्यापार मंडल खुलकर सामने आ गए हैं। वहीं इस पूरे मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। 29 मई को प्रस्तावित आंदोलन को लेकर रणनीति तेज कर दी गई है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

लक्सर तहसील में नाजिर पद पर तैनात कर्मचारियों और पत्रकारों के बीच हुए विवाद के बाद माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। लक्सर प्रेस क्लब एसोसिएशन संबंधित कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग पर अड़ा हुआ है, लेकिन अब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या वार्ता सामने नहीं आई है। प्रशासन की चुप्पी से पत्रकारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में 29 मई को बड़े आंदोलन का ऐलान किया गया है, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी हैं।
इस आंदोलन को अब लगातार व्यापक समर्थन मिल रहा है। हरिद्वार जिले के कई प्रेस क्लबों ने पत्रकारों के पक्ष में खुलकर समर्थन जताया है। इसके अलावा किसान संगठन और भीम आर्मी ने भी आंदोलन में शामिल होने की घोषणा कर दी है। मामला अब सिर्फ पत्रकारों और कर्मचारियों के विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनसमर्थन के चलते यह एक बड़े विरोध आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
वहीं राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता ने भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लक्सर से बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद और खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने पत्रकारों के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया है।
बाइट: उमेश कुमार, विधायक खानपुर
"जब तक पत्रकारों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो तहसील बंद कराने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।"
वहीं लक्सर व्यापार मंडल ने भी आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। बड़ी संख्या में व्यापारी आज प्रेस क्लब पहुंचकर पत्रकारों के साथ एकजुटता दिखाएंगे। लगातार बढ़ते समर्थन से साफ है कि यह मामला अब जिले की बड़ी राजनीतिक और सामाजिक हलचल बन चुका है।
प्रशासन पर अब आंदोलन से पहले समाधान निकालने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में 29 मई को होने वाला प्रदर्शन कितना बड़ा रूप लेता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
बाइट: मोहम्मद शहजाद, बसपा विधायक लक्सर
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन आंदोलन से पहले कोई ठोस समाधान निकाल पाता है या फिर 29 मई को लक्सर की सड़कों पर बड़े विरोध प्रदर्शन की तस्वीर देखने को मिलेगी।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →