(तौकीर आलम पत्रकार) पिरान कलियर। बेडपुर चौक स्थित सुराज सेवा दल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान संगठन ने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। साथ ही क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई की मांग की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुराज सेवा दल के प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान ने कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गोवंश के साथ क्रूरता करने वालों और गोवध में शामिल लोगों के खिलाफ संगठन सड़क से लेकर आंदोलन तक हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
नशा युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा”
प्रेस वार्ता में क्षेत्र में फैल रहे नशे के कारोबार को लेकर भी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। वक्ताओं ने कहा कि स्मैक, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की बढ़ती तस्करी युवाओं को अंधेरे की ओर धकेल रही है। कई परिवार इसके कारण बर्बादी के कगार पर पहुंच चुके हैं।
कलियर विधानसभा अध्यक्ष रईस अहमद ने कहा कि पिरान कलियर और आसपास के क्षेत्रों में नशा तस्कर खुलेआम युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि नशा माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए लगातार अभियान चलाया जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
“समाजहित के मुद्दों पर जारी रहेगा संघर्ष”
इंतजार प्रधान ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सुराज सेवा दल गो-रक्षा, समाजहित और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाता रहेगा। यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो संगठन बड़ा जनआंदोलन शुरू करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
प्रेस वार्ता में संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →