(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलियर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। हाल ही में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के बाद अब पुलिस ने जमीनी स्तर पर निगरानी, पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फुव्वारा चौक, मुख्य बाजार, दरगाह क्षेत्र सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटवाया तथा सार्वजनिक मार्गों पर अवरोध पैदा करने वाले अस्थायी ढांचों और सामान को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बीच रास्ते में जल रहे अग्निकुंडों को भी हटवाया गया और भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी दी गई।

पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। वहीं बाहरी क्षेत्रों से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन की प्रक्रिया भी अपनाई गई। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध, असामाजिक गतिविधियों और शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमित गश्त, वाहन चेकिंग और सत्यापन अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों में विश्वास बढ़ेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों, अतिक्रमण करने वालों और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों ने भी राहत महसूस की है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया है।
कलियर पुलिस का सख्त अभियान जारी, अतिक्रमण हटाने के साथ संदिग्धों की जांच और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →