(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर, 13 जून। जामिया शम्सुल उलूम पिरान कलियर में शुक्रवार को जमीअत उलेमा-ए-हिंद के बैनर तले एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जमीअत उलेमा-ए-हिंद हरिद्वार के जिलाध्यक्ष मौलाना हारून क़ासमी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन एवं निगरानी मौलाना दानिश क़ासमी द्वारा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान आम लोगों की सहायता करना तथा बीएलओ (BLO) का सहयोग सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सभासदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

मौलाना दानिश क़ासमी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जमीअत उलेमा-ए-हिंद जनहित के कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रही है। उन्होंने नगर पंचायत पिरान कलियर की जनता एवं बैठक में मौजूद सभासदों को आश्वस्त किया कि जमीअत के बैनर तले नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सहायता शिविर (कैंप) लगाए जाएंगे, जहां लोगों को SIR संबंधी प्रक्रियाओं में मदद प्रदान की जाएगी और बीएलओ का भी पूरा सहयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी, दस्तावेजी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने भी SIR अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग पर बल दिया और जनता से अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर मौलाना हारून क़ासमी, मास्टर अहसान इलाही, हाफ़िज़ मुमताज़ आलम, मौलाना तालिब, मौलाना उमर, राशिद, सभासद गुलफाम, सभासद जावेद, सभासद गोल्डन भाई, समाजसेवी गुलाम साबिर, दानिश राणा, शाहनवाज़ अली, मुंतज़िर, मुफ़्ती फ़ैयाज़, क़ारी रग़ीब सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आगामी कैंपों को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →