(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। हरिद्वार जनपद में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया अब तेजी पकड़ रही है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं तथा पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ एसआईआर फॉर्म भरवाने का कार्य कर रहे हैं।

इसी क्रम में रविवार को पिरान कलियर के वार्ड नंबर-5 स्थित कहकशा पब्लिक स्कूल में एक विशेष सहायता शिविर का आयोजन किया गया। वार्ड सभासद राशिद रहीस के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने एसआईआर फॉर्म भरवाए।
शिविर में जमीअत उलेमा-ए-हिंद के शोबा "मॉडल विलेज" की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। मौलाना दानिश कासमी की निगरानी में टीम के सदस्यों ने लोगों की सहायता करते हुए करीब 200 एसआईआर फॉर्म भरवाए और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

मौलाना दानिश कासमी ने बताया कि मॉडल विलेज परियोजना का उद्देश्य गांवों को आदर्श बनाना तथा समाज के हर वर्ग तक आवश्यक सेवाएं और सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद करना और जनहित के कार्यों में सहयोग देना ही मॉडल विलेज अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में वार्ड सदस्यों और सभासदों के सहयोग से ऐसे सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता एसआईआर प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
इस अवसर पर क्षेत्र की बीएलओ, वार्ड सभासद राशिद रहीस, मौलाना दानिश कासमी, मौलाना उमैर सहित मॉडल विलेज टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को एसआईआर प्रक्रिया के महत्व और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →