पिरान कलियर में सरकारी बोर्डों से छेड़छाड़ का मामला गरमाया, सभासद अमजद अली ने कोतवाली प्रभारी को सौंपा शिकायती पत्र।
पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड नंबर-1 के सभासद अमजद अली ने कोतवाली पिरान कलियर प्रभारी को शिकायती पत्र देकर सरकारी कार्यों से जुड़े बोर्डों को तोड़े जाने और उन पर लिखे नामों को मिटाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सभासद अमजद अली द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार वार्ड नंबर-1 में नगर पंचायत द्वारा कराए गए विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों के बाद लगाए गए सरकारी सूचना बोर्डों को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। आरोप है कि कई स्थानों पर बोर्ड तोड़ दिए गए हैं तथा उन पर अंकित सभासद और अध्यक्ष प्रतिनिधि के नामों को काले पेंट अथवा अन्य माध्यमों से मिटाने का प्रयास किया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि वार्ड क्षेत्र में तीन से चार सरकारी बोर्डों के साथ इस प्रकार की छेड़छाड़ की गई है, जिससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है बल्कि विकास कार्यों की जानकारी भी प्रभावित हुई है। सभासद का कहना है कि यह कृत्य सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की श्रेणी में आता है।

अमजद अली ने कोतवाली प्रभारी से मामले की जांच कर अज्ञात व्यक्तियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और सरकारी बोर्डों से छेड़छाड़ करने वालों तक कब पहुंच पाती है।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →