REGULAR INDIA NEWS हिन्दी
BREAKING NEWS

पिरान कलियर में सट्टा खाई-बाड़ी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, अवैध कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी।

📅 18 Jun 2026, 01:58 PM🔥 21 views

📋 खबर का सार (Summary)
"पिरान कलियर में सट्टा माफियाओं पर पुलिस का प्रहार, अवैध खाई-बाड़ी करने वालों में मचा हड़कंप"।

(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। धार्मिक नगरी पिरान कलियर में अवैध रूप से सट्टा खाई-बाड़ी का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दरगाह क्षेत्र समेत पूरे कस्बे में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे कार्यों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिरान कलियर पुलिस क्षेत्र में लंबे समय से संचालित हो रहे अवैध सट्टा कारोबार पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि पिरान कलियर देश-विदेश से आने वाले लाखों अकीदतमंदों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां के धार्मिक और सामाजिक माहौल को खराब करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि टीन शेड क्षेत्र, हज हाउस रोड, रैन बसेरा के आसपास, अब्दाल शाह क्षेत्र अथवा कस्बे के किसी भी हिस्से में यदि कोई व्यक्ति सट्टा खाई-बाड़ी या अन्य अवैध धंधों का संचालन करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ जुआ अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है ताकि अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस उपाधीक्षक प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर।

पुलिस उपाधीक्षक प्रभारी कोतवाली पिरान कलियर दिव्येश उपाध्याय ने कहा कि, "पिरान कलियर एक पवित्र धार्मिक स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, विशेषकर सट्टा खाई-बाड़ी, जुआ और अन्य गैरकानूनी कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति इस अवैध कारोबार में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"

उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि यदि कहीं भी सट्टा खाई-बाड़ी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की इस चेतावनी के बाद अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए धार्मिक नगरी को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने की मांग की है।


इस खबर को शेयर करें:
WhatsApp
तौकीर आलम
तौकीर आलम
संपादक

डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पूरा प्रोफाइल देखें →