(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक के मुख्य प्रवेश द्वार पर बने टीनशेड में बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या सामने आ गई। लाखों रुपये की लागत से बनाए गए इस टीनशेड के अंदर जगह-जगह पानी भर जाने से बाहर से आने वाले जायरीन और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के बाद टीनशेड के फर्श पर कई स्थानों पर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है। बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं फिसलन बढ़ने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टीनशेड का निर्माण श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत देने के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण यह सुविधा अब परेशानी का कारण बन गई है। लोगों का आरोप है कि हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है, लेकिन संबंधित विभाग और दरगाह प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।

श्रद्धालुओं ने मांग की है कि टीनशेड के अंदर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत की जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि दरगाह आने वाले हजारों जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बार-बार सामने आ रही इस समस्या के बावजूद दरगाह प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →