(तौकीर आलम पत्रकार)पहली बारिश में खुली दरगाह प्रशासन की पोल, नालों की सफाई न होने से सड़कों पर बहा गंदा पानी

पिरान कलियर। बरसात की पहली ही बारिश ने दरगाह प्रशासन की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। दरगाह क्षेत्र में नालों की समय पर सफाई न होने के कारण बारिश का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे बाहर से आने वाले जायरीन और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र में मौजूद कई प्रमुख नाले, जिनमें हज हाउस रोड स्थित बड़ा नाला, तालाब के पास का नाला, नक्कारखाने के पास का नाला तथा बुलंद दरवाजे के सामने स्थित नाला शामिल हैं, बारिश के दौरान ओवरफ्लो हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन नालों की लंबे समय से समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

यह स्थिति इतनी गंभीर है कि बरसात में बारिश का गंदा पानी दरगाह साबिर पाक के परिसर तक पहुंच जाता है इससे जायरीन में भारी नाराजगी देखने को मिलती हैं। उनका कहना है कि देश-विदेश से हजारों की संख्या में आने वाले जायरीन को दरगाह परिसर में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जो दरगाह की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या से दरगाह प्रशासन को अवगत कराया है और नालों की नियमित सफाई कराने की मांग भी उठाई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए दरगाह क्षेत्र के सभी प्रमुख नालों की तत्काल सफाई कराई जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान न तो सड़कों पर जलभराव हो और न ही गंदा पानी दरगाह परिसर तक पहुंचे।
अब सभी की निगाहें दरगाह प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हुए नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →