(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर (हरिद्वार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन रिकवरी" अभियान के तहत थाना कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के 52 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत ₹10 लाख से अधिक बताई गई है।
शनिवार को थाना कोतवाली पिरान कलियर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डे ने मोबाइल स्वामियों को उनके मोबाइल लौटाए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल कभी वापस मिल पाएगा। मोबाइल मिलने पर उन्होंने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस जहां अपराध एवं नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है, वहीं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार जनहित में कार्य कर रही है। ऑपरेशन रिकवरी के तहत सीईआईआर पोर्टल की मदद से उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से भी खोए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाए जा रहे हैं, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

बरामद मोबाइलों में मोटो के 3, ओप्पो के 12, टेक्नो के 2, सैमसंग के 5, रियलमी के 7, आईक्यूओओ (iQOO) के 2, वीवो के 14, पोको के 2 तथा रेडमी के 5 मोबाइल फोन शामिल हैं।

मोबाइल रिकवरी करने वाली पुलिस टीम।
क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डे
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी
वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट
हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी
होमगार्ड ललित
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →